रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच सऊदी अरब अगस्त में शांति वार्ता की करेगा मेजबानी

Rozanaspokesman

विदेश, अमरिका

शिखर वार्ता में यूक्रेन के साथ ही ब्राजील, भारत, दक्षिण अफ्रीका और कई अन्य देश हिस्सा लेंगे।

photo

दुबई: यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच सऊदी अरब अगस्त की शुरुआत में एक शांति वार्ता की मेजबानी करेगा, जिसमें भारत भी शामिल हो सकता है। बहरहाल, सऊदी अरब और यूक्रेन ने अभी इस वार्ता की पुष्टि नहीं की है। अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि यह शिखर वार्ता लाल सागर के बंदरगाह शहर जेद्दा में होगी।

शिखर वार्ता में यूक्रेन के साथ ही ब्राजील, भारत, दक्षिण अफ्रीका और कई अन्य देश हिस्सा लेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन के एक उच्च स्तरीय अधिकारी के भी बैठक में शामिल होने की संभावना है। इस आयोजन की तैयारियां कीव संभाल रहा है। वहीं रूस के वार्ता में भाग लेने की संभावना नहीं है।

सबसे पहले इस शांति वार्ता की जानकारी ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने दी थी। उसने ‘वार्ता से जुड़े राजनयिकों’ के हवाले से बताया था कि शांति वार्ता पांच-छह अगस्त को होगी और लगभग 30 देश इसमें हिस्सा लेंगे।

अभी सऊदी अरब के अधिकारियों और रियाद में यूक्रेनी दूतावास ने इस पर टिप्पणी नहीं की है। इस शिखर वार्ता की खबर ऐसे वक्त में आई है, जब अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवान ने बृहस्पतिवार को सऊदी अरब की यात्रा की थी।