योगी ने राहुल गांधी पर कसा तंज, बोले- 'मोदी दुनिया में देश का नाम कर रहे हैं, तो कुछ लोग देश को बदनाम कर रहे हैं'

Rozanaspokesman

देश

उन्होंने कहा कि एक तरफ वैश्विक मंचों पर भारत का दबदबा बढ़ रहा है तो दूसरी तरफ कुछ लोग दूसरे देशों में जाकर भारत की आलोचना कर रहे हैं।

Yogi taunted Rahul Gandhi,

गोरखपुर (उप्र) : उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने रविवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बिना लंदन में दिये उनके बयान की आलोचना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक तरफ वैश्विक मंचों पर भारत का दबदबा बढ़ रहा है तो दूसरी तरफ कुछ लोग दूसरे देशों में जाकर भारत की आलोचना कर रहे हैं।

रविवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बशारतपुर-प्रथम शक्ति केंद्र पर राष्ट्रपति के अभिभाषण पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, ''भारत के लोकतंत्र को कोसने वाले ये वही लोग हैं जो मौका मिलने पर स्वयं लोकतंत्र का गला घोंटने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ते हैं। मोदी दुनिया में देश का नाम कर रहे हैं तो कुछ लोग देश को बदनाम करने में जुटे हैं।''

आधिकारिक बयान के अनुसार भाजपा शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में जाकर देश की आलोचना करने वाले वही लोग हैं जो केरल में रहते हैं तो उत्तर प्रदेश की बुराई करते हैं और दिल्ली में रहते हैं तो केरल की।

योगी ने कहा, '' इन चेहरों को पहचानने की जरूरत है, ये देश के सुदृढ़ लोकतंत्र को कमजोर करना चाहते हैं, इनकी खानदानी विरासत ही ‘बांटो और राज करो’ की विभाजनकारी राजनीति की रही है। इनकी विभाजन की मानसिकता और इनके षड्यंत्र को सफल नहीं होने देना है।''

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर अपनी बात रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 8-9 वर्षों में हासिल देश की उपलब्धियां नए भारत का प्रतिनिधित्व करती हैं तथा राष्ट्रपति के अभिभाषण में देश की उपलब्धियों और भावी योजनाओं की सुनहरी तस्वीर है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भारत दुनिया को राह दिखाने वाला देश होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में इसकी गूंज को अंगीकार कर जन जन तक पहुंचाने का दायित्व सभी कार्यकर्ताओं पर है।

योगी ने जी-20 की चर्चा करते हुए कहा कि जी-20 का नेतृत्व मिलना भारत के सामर्थ्य को प्रदर्शित करता है, वैश्विक मंच पर भारत की शक्ति की यशोगाथा दुनिया गा रही है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान केवल अधिकार ही नहीं बताता बल्कि कर्तव्यों का भी एहसास कराता है।