ACID ATTACK : पश्चिमी दिल्ली में नाबालिग लड़की पर ‘तेजाब’ से हमला, चेहरा झुलसा

Rozanaspokesman

देश

पुलिस के अनुसार, घटना के बारे में सुबह करीब नौ बजे जानकारी मिली। मोहन गार्डन इलाके में लड़की पर यह हमला हुआ।

ACID ATTACK: Acid attack on a minor girl in West Delhi

New Delhi :  उत्तम नगर के निकट बुधवार सुबह मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने कथित तौर पर 17 वर्षीय एक लड़की पर तेजाब जैसा पदार्थ फेंक दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बारे में सुबह करीब नौ बजे जानकारी मिली। मोहन गार्डन इलाके में लड़की पर यह हमला हुआ।

लड़की को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक चिकित्सक ने कहा, “उसका चेहरा सात-आठ प्रतिशत तक झुलस गया है और आंखों पर भी असर हुआ है। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर है।”

पुलिस उपायुक्त (द्वारका) एम. हर्षवर्धन ने कहा, “बताया गया है कि आज सुबह करीब साढ़े सात बजे मोटरसाइकिल पर आए दो लोगों ने 17 वर्षीय लड़की पर कथित रूप से तेजाब जैसा पदार्थ फेंक दिया। ” अधिकारी ने कहा कि घटना के समय लड़की अपनी छोटी बहन के साथ थी। सफदरजंग अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है।

डीसीपी ने कहा कि लड़की ने दो लोगों को नामजद किया है, जो हमले के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं। उनमें से एक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्विटर पर लिखा, “ये बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। अपराधियों की इतनी हिम्मत आख़िर हो कैसे गई? अपराधियों को सख़्त से सख़्त सज़ा मिलनी चाहिए। दिल्ली में हर बेटी की सुरक्षा हमारे लिए महत्त्वपूर्ण है।”