'भारत टेक्स 2024' प्रदर्शनी से देश बनेगा वैश्विक कपड़ा महाशक्तिः पीयूष गोयल

Rozanaspokesman

देश

इसकी परिकल्पना दुनिया के सबसे बड़े कपड़ा मेले के रूप में की गई है।

photo

New Delhi: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि अगले साल फरवरी में होने वाली 'भारत टेक्स 2024' प्रदर्शनी भारत को कपड़ा क्षेत्र की एक वैश्विक महाशक्ति के रूप में पेश करेगी। इस प्रदर्शनी का आयोजन अगले साल 26-29 फरवरी को राजधानी दिल्ली में स्थित भारत मंडपम और यशोभूमि परिसरों में होगा।

इसकी परिकल्पना दुनिया के सबसे बड़े कपड़ा मेले के रूप में की गई है। इसमें एक ही छत के नीचे संपूर्ण मूल्य श्रृंखला में फैले कपड़ा उत्पादों के विश्वसनीय आपूर्तिकर्ता के रूप में भारत की क्षमताएं प्रदर्शित की जाएंगी।इस व्यापार प्रदर्शनी (एक्सपो) से संबंधित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोयल ने कहा, “भारत मंडपम या यशोभूमि से वास्तव में भारत को कपड़ा क्षेत्र में एक वैश्विक गंतव्य बनाने के हमारे प्रयास को एक बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। यह कार्यक्रम भारत को वास्तव में एक वैश्विक कपड़ा महाशक्ति के रूप में स्थापित करने जा रहा है।”

उन्होंने कहा कि दुनिया को यह दिखाने के लिए भारत टेक्स 2024 से बेहतर कोई मंच नहीं है कि भारत का वक्त आ चुका है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों के बीच ऐसे मानक के रूप में याद किया जाएगा जिसने भारत को कपड़ा क्षेत्र में वास्तव में वैश्विक मंच के रूप में मान्यता दी।