आपरेशन कावेरी : सूडान से 392 भारतीयों का एक और जत्था लौटा स्वदेश

Rozanaspokesman

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘ एक और सी-17 विमान से 392 यात्री नयी दिल्ली पहुंचे।’’

Operation Kaveri: Another batch of 392 Indians returned home from Sudan

New Delhi: हिंसाग्रस्त सूडान से भारतीयों को निकालने के अभियान ‘आपरेशन कावेरी’ के तहत वायु सेना के सी-17 विमान से 392 नागरिकों का एक और जत्था शुक्रवार को स्वदेश लौटा। इस अभियान के तहत निकाले गए भारतीय नागरिकों को सूडान से सऊदी अरब के शहर जेद्दा और फिर वहां से भारत लाया जा रहा है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘ एक और सी-17 विमान से 392 यात्री नयी दिल्ली पहुंचे।’’

आपरेशन कावेरी के तहत बुधवार को एक वाणिज्यिक विमान से 360 नागरिकों को नई दिल्ली लाया गया था। वहीं, दूसरे जत्थे में अगले ही दिन सी-17 ग्लोबमास्टर से 246 नागरिकों को मुम्बई लाया गया था। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अब तक कुल 998 भारतीयों को स्वदेश लाया जा चुका है। 

सूडान में सेना और अर्द्धसैनिक समूह के बीच सत्ता हासिल करने के लिए भीषण संघर्ष चल रहा है। हालांकि दोनों पक्षों के 72 घंटे के संघर्ष विराम पर सहमत होने के बाद भारत ने वहां फंसे अपने नागरिकों को बाहर निकालने के प्रयास तेज कर दिए हैं। 

आपरेशन कावेरी में भारतीय नौसेना के तीन जहाज आईएनएस सुमेधा, आईएनएस तेग और आईएनएस तरकश शामिल हैं। इसके अलावा वायु सेना के दो सी130जे विमान भी इस अभियान में शामिल हैं।

भारत ने सूडान की स्थिति को लेकर नई दिल्ली में चौबीसों घंटे चलने वाला एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। इसके अलावा एक नियंत्रण कक्ष पोर्ट सूडान में और एक अन्य सऊदी अरब के शहर जेद्दा में स्थापित किया गया है