नीरज चोपड़ा विश्व एथलेटिक चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने

Rozanaspokesman

खेल

फाइनल में कुल छह अटेम्प्ट यानी राउंड होते हैं और नीरज ने दूसरे राउंड में ही 88.17 मीटर का थ्रो कर दिया था।

Neeraj Chopra wins gold at World Athletics Championships

बुडापेस्ट: गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने भारत का सीना एक बार फिर गर्व से छोड़ा कर दिया है। नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बनकर इतिहास रच दिया है। पुरुषों की भाला प्रतियोगिता में उन्होंने 88.17 मीटर का थ्रो किया। भाला फेंक फाइनल में भारत का दबदबा ऐसा था कि शीर्ष छह एथलीटों में से तीन भारत के थे और पहली बार किसी विश्व चैंपियनशिप में शीर्ष आठ में तीन भारतीय थे।

फाइनल में कुल छह अटेम्प्ट यानी राउंड होते हैं और नीरज ने दूसरे राउंड में ही 88.17 मीटर का थ्रो कर दिया था। नीरज के साथ फाइनल में भारत के दो अन्य खिलाड़ी डीपी मनु और किशोर जेना भी थे। किशोर 84.77 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर और डीपी मनु 84.14 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ छठे स्थान पर रहे।

वहीं पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 87.82 मीटर के साथ रजत और चेक गणराज्य के जैकब वेलेश ने 86.67 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता।