बर्बरता की सीमा को लांघ चुकी है महागठबंधन सरकार: श्रवण अग्रवाल

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, बिहार

राष्ट्रीय प्रवक्ता अग्रवाल ने कहा कि राज्य में तानाशाही की सरकार चल रही है।

photo

Patna: राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रवण कुमार अग्रवाल ने कटिहार के बारसोई पुलिस फायरिंग की घटना पर ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव के बयान को बेहद ही शर्मनाक बताते हुए कहा कि ऊर्जा मंत्री पुलिस फायरिंग को सही बताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों का बचाव कर रहे हैं और बिजली आपूर्ति के लिए प्रदर्शन कर रहे आम जनता को बदमाश बता रहे हैं, उनका बयान अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।

राष्ट्रीय प्रवक्ता अग्रवाल ने कहा कि राज्य में तानाशाही की सरकार चल रही है। आम जनता के साथ अत्याचार हो रहा है, राज्य में हर तरफ अराजकता का माहौल बना हुआ है, अपने हक और अधिकार और जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन करने वाली जनता पर महागठबंधन की सरकार लाठी और गोली चलवा रही है। महागठबंधन सरकार की दमनकारी नीति बर्बरता की सारी सीमाओं को लांघ चुकी है। पुलिस निर्दोष लोगों की जान लेने पर आमादा है। राज्य में तानाशाही का विस्तार हो रहा है, लोकतंत्र को खोखला किया जा रहा है। बारसोई में पुलिस फायरिंग की सच्चाई पूरी तरह से सामने आ चुका है, वहां किस तरफ पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को टारगेट कर गोली चलाया जिससे दो निर्दोष लोगों की जान चली गई। दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बजाए राज्य के ऊर्जा मंत्री पुलिस कर्मियों का बचाव कर रहे हैं। राज्य में मौजूदा महागठबंधन सरकार गोलीमार सरकार बन चुकी है।