पंजाब पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए चलाया अभियान

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, चंडीगढ़

सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक समूचे राज्य में चरणबद्ध तरीके चलाए गए इस अभियान में 7,500 पुलिसकर्मी शामिल थे।

Punjab Police launched a campaign to crack down on anti-social elements

चंडीगढ़:  पंजाब पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए रविवार को रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड समेत कई जगहों पर अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के निर्देश पर चलाया गया।

एक अधिकारिक बयान में कहा गया है कि पुलिस ने इस दौरान 116 प्राथमिकी दर्ज कीं और 141 लोगों को गिरफ्तार किया तथा उनके पास से 7.02 लाख नकद के साथ 1.15 किलोग्राम हेरोइन, 37 किलोग्राम चूरा पोस्त, 243 लीट अवैध शराब और छह पिस्तौल बरामद कीं। बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर जांच करने के अलावा, संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन तलाशी के लिए राज्य में पुलिस उपाधीक्षकों की देखरेख में 550 से अधिक समन्वित अंतरराज्यीय और अंतर जिला चौकियां भी स्थापित की गईं।

विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने कहा कि ‘ऑपरेशन विजिल’ में 150 से अधिक पुलिस टीम शामिल थीं। उन्होंने कहा कि पुलिस आयुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों ने अभियान की निगरानी की।

सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक समूचे राज्य में चरणबद्ध तरीके चलाए गए इस अभियान में 7,500 पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘हमने ‘ऑपरेशन विजिल’ का सफलतापूर्वक संचालन किया। राज्यस्तरीय तलाश अभियान के तहत सभी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और होटल में जांच की गई। संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर कड़ी नाकेबंदी की गई। पुलिस आयुक्तों/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों ने कार्रवाई पर नजर रखी। 150 से अधिक पुलिस दल इस अभियान में शामिल थे।’’