भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने की अमरिंदर सिंह से मुलाकात

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, चंडीगढ़

नड्डा ने बाद में चंडीगढ़ में अर्जुन पुरस्कार विजेता और निशानेबाज अंजुम मुदगिल से उनके आवास पर मुलाकात की।

फोटो साभार-@JPNadda

चंडीगढ़: भाजपा के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और उनके परिवार से मोहाली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान नड्डा के साथ पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह भी मौजूद थे। अमरिंदर सिंह भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं।

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘आज अपने निवास पर भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और उपाध्यक्ष सौदान सिंह का स्वागत करके प्रसन्नता हुई।’’ इस मौके पर अमरिंदर की पत्नी एवं सांसद परनीत कौर, बेटी जय इंदर कौर और बेटा रनिंदर सिंह भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद अमरिंदर सिंह ने पिछले साल भाजपा का दामन थाम लिया था।

नड्डा ने बाद में चंडीगढ़ में अर्जुन पुरस्कार विजेता और निशानेबाज अंजुम मुदगिल से उनके आवास पर मुलाकात की। सौदान सिंह के अलावा चंडीगढ़ में नड्डा के साथ राज्यसभा सदस्य अनिल जैन, भाजपा की चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष अरुण सूद भी मौजूद थे।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर बुधवार को भाजपा के ‘महा जन संपर्क’ कार्यक्रम के तहत पंजाब के होशियारपुर में एक रैली को संबोधित किया था।