तिहाड़ में गैंगस्टर ताजपुरिया की हत्या के मामले में छह लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दायर

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, दिल्ली

पटियाला हाउस अदालत में बृहस्पतिवार को आरोपपत्र दाखिल किया गया था। 

photo

New Delhi: दिल्ली पुलिस ने गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की हत्या के मामले में छह लोगों के खिलाफ 936 पन्नों का आरोपपत्र दायर किया है। तिहाड़ जेल के अंदर ताजपुरिया पर कथित रूप से 90 से अधिक बार चाकू से वार किया गया था। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पटियाला हाउस अदालत में बृहस्पतिवार को आरोपपत्र दाखिल किया गया था। 

तिहाड़ जेल की केंद्रीय जेल संख्या आठ के अंदर दो मई को कैदी सुनील उर्फ टिल्लू ताजपुरिया पर चार अन्य कैदियों दीपक उर्फ तित्तर, योगेश उर्फ टुंडा, रियाज खान और राजेश ने हाथ से बनी नुकीले धातु से हमला किया था।

अधिकारियों ने बताया कि ताजपुरिया को चाकू से गंभीर चोटें आईं थीं और उसे डीडीयू अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया था।

उन्होंने बताया कि इस मामले में खान, दीपक, योगेश और राजेश के साथ दो अन्य साजिशकर्ताओं विनोद और अताउल रहमान खान को भी गिरफ्तार किया गया था।  अधिकारी ने बताया कि अदालत में बृहस्पतिवार को सभी आरोपियों के खिलाफ 936 पन्नों का आरोपपत्र दायर किया गया। उन्होंने कहा कि मामले में सुनवाई की अगली तारीख 17 अगस्त है।