चीन, न्यूज़क्लिक और कांग्रेस 'भारत विरोधी साजिश' का हिस्सा: अनुराग ठाकुर

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, दिल्ली

दो साल पहले प्रवर्तन निदेशालय ने न्यूजक्लिक के खिलाफ छापेमारी की कार्रवाई की थी।

photo

New Delhi: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को आरोप लगाया कि चीन, वेबसाइट ‘न्यूजक्लिक’ और कांग्रेस ‘भारत विरोधी तंत्र’ से जुड़े हैं। मंत्री ने यह टिप्पणी उन खबरों के हवाले से की जिसके मुताबिक चीन की कंपनियां उक्त पोर्टल का वित्तपोषण कर रही थीं।

न्यूयॉर्क टाइम्स में ‘अ ग्लोबल वेब ऑफ चाइनीज प्रोपगेंडा लीड्स टू अ यूएस टेक मुगल’ शीर्षक से छपी खबर में दावा किया गया है कि समाचार पोर्टल वैश्विक नेटवर्क का हिस्सा है जिसे अमेरिकी करोड़पति नेविली रॉय सिंघम से धन प्राप्त होता है। सिंघम के कथित तौर पर चीन सरकर के मीडिया प्रभाग से करीबी संबंध हैं।

न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर में रेखांकित किया गया, ‘‘नई दिल्ली में कोर्पोरेट लेखा जोखा से प्रतीत होता है कि सिंघम के नेटवर्क ने समाचार वेबसाइट न्यूजक्लिक का वित्तपोषण किया जिसने अपने कार्यक्रमों को चीन सरकार के मुद्दों से जोड़ा।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर के साथ संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा कि भारत दुनिया को बता रहा है कि न्यूजक्लि प्रोपगेंडा का खतरनाक वैश्विक नेटवर्क है।

दो साल पहले प्रवर्तन निदेशालय ने न्यूजक्लिक के खिलाफ छापेमारी की कार्रवाई की थी। ठाकुर ने कहा कि तब कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियां समाचार पोर्टल के साथ खड़ी हुईं और सरकार के कदम पर सवाल उठाए एवं प्रेस की आजादी का मुद्दा उठाया।

ठाकुर ने कहा, ‘‘अखबार (न्यूयॉर्क टाइम्स) जिसके बारे में कांग्रेस और विपक्षी पार्टियां बात करती हैं उसने उस तथ्य की पुष्टि की है जो भारत दो साल पहले कह रहा था। 2021 में हमने न्यूजक्लिक की सच्चाई और इस तथ्य को उजागर किया था कि कैसे विदेशी ताकतें भारत के खिलाफ काम कर रही हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि तब कांग्रेस और विपक्षी पार्टियां ‘भारत विरोधी, भारत तोड़ो अभियान’ के समर्थन में खड़ीं हुई थीं।.

ठाकुर ने आरोप लगाया ,‘‘ कांग्रेस, चीन और न्यूजक्लिक एक भारत विरोधी तंत्र का हिस्सा हैं।’’.

उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप न्यूजक्लिक के वित्तपोषण नेटवर्क को देखें तो पाएंगे कि इसका वित्तपोषण विदेशी नेविली रॉय सिंघम द्वारा किया गया और उसे यह राशि चीन से मिलती है। इस नेविली रॉय सिंघम का सीधा संबंध ‘चीनी कम्युनिस्ट पार्टी’ की दुष्प्रचार इकाई और चीन की मीडिया कंपनी ‘माकू ग्रुप’ से है।’’.

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘वे स्वतंत्र समाचार के नाम पर फर्जी खबरें गढ़ते हैं। कांग्रेस और अन्य पार्टियां उनका समर्थन करती हैं।’’.

राहुल गांधी द्वारा विदेश दौरे के दौरान भारत को लेकर की गई टिप्पणी का संदर्भ देते हुए ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता को ‘चीन के प्रति प्रेम’ है और ‘एजेंडे के तहत’ विदेशी धरती पर भारत के खिलाफ उनके दुष्प्रचार को देखा गया।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ कैम्ब्रिज में राहुल गांधी ने चीन की प्रशंसा की और कहा कि उसे प्रकृति की ताकत और महत्वकांक्षी महाशक्ति करार दिया। वह भारत की प्रशंसा नहीं कर सकते हैं। उन्होंने भारत का अपमान किया और लगातार कहते हैं कि देश में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है।’’

ठाकुर ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह दिखाता है कि कांग्रेस, चीन और न्यूजक्लिक ‘एक ही तंत्र’ का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ 1962 से 2023 के बीच कांग्रेस रत्ती भर भी नहीं बदली। एक बार फिर भारत की भौतिक और बौद्धिक स्थान को कांग्रेस द्वारा चीन को सजा कर पेश कर दिया गया है।’’

केंद्रीय मंत्री ने कम्युनिस्ट पार्टी पर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि उसके ‘आईटी सेल’ के एक सदस्य को सिंघम द्वारा प्रदान किए गए कोष से 22 लाख रुपये मिले थे। उन्होंने कहा, ‘‘ सोरोस से लेकर सिंघम और चीन से लेकर कांग्रेस तक, वे सभी भारत विरोधी एजेंडे, भारत तोड़ो एजेंडे को आगे बढ़ाते हुए भारत के खिलाफ गठबंधन में भागीदार दिखाई देते हैं। इससे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण कुछ नहीं हो सकता।’’

ठाकुर ने राहुल गांधी से यह स्पष्ट करने को कहा कि 2005-07 में राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन की कम्युनिस्ट पार्टी से मिले धन को कहां खर्च किया गया।.

इससे पहले भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर का उल्लेख लोकसभा में किया। इस खबर को लेकर समाचार पोर्टल या कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

ठाकुर ने कहा कि न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर केवल उस खतरे को उजागर करती है जो भारत, उसके लोकतांत्रिक समाज और स्वतंत्र मीडिया को तब झेलना पड़ता है जब लोगों और निहित स्वार्थों का एक समूह एक साथ आता है, ऐसे मंचों में निवेश करता है और सांप्रदायिक वैमनस्य को बढ़ावा देने के सामान्य सुसंगत लक्ष्य के साथ उल्लेखनीय समन्वय में काम करता है, ‘‘उकसावे के साथ-साथ हमारे प्रधानमंत्री और सरकार के बारे में झूठ और नफरत फैलाता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हाल में हमने यह मणिपुर में देखा है।’’

ठाकुर ने कहा, ‘‘ रणनीति में उल्लेखनीय रूप से संयोजन है....विडंबना यह है कि एक राजनीतिक नेता है जो इन विमर्शों को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ न्यूज़क्लिक और अन्य मंचों द्वारा एक साथ पेश किए गए इन विमर्शों को राहुल गांधी द्वारा लगभग उसी तरह से आंख बंद करके दोहराया गया है। वह विदेश जाते हैं और बिल्कुल एक ही बात कहते हैं: लोकतंत्र कमजोर हुआ है, ईवीएम में छेड़छाड़ हुई है।’’