हिमाचल में जीत पर राहुल बोले-जनता से किया हर वादा पूरा करेंगे, किया धन्यवाद

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, दिल्ली

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हिमाचल के लोगों को बधाई दी और पार्टी की जीत का श्रेय राज्य की जनता तथा पार्टी के नेताओं को दिया।

On victory in Himachal, Rahul said - will fulfill every promise made to the public, thanked

New Delhi : हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में बृहस्पतिवार को कांग्रेस को जीत मिलने पर पार्टी के नेताओं ने भरोसा जताने के लिए राज्य के लोगों का आभार जताया और कहा कि वह (कांग्रेस) मतदाताओं से किये 10 वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हिमाचल के लोगों को बधाई दी और पार्टी की जीत का श्रेय राज्य की जनता तथा पार्टी के नेताओं को दिया। उन्होंने कहा, ‘‘ हम देवभूमि हिमाचल प्रदेश के लोगों को हृदय से धन्यवाद देते हैं। कांग्रेस पार्टी पर विश्वास जताने के लिए हिमाचल प्रदेश की सभी बहनों एवं भाइयों को हाथ जोड़कर हम बधाई देते हैं। कांग्रेस हिमाचल प्रदेश के लोगों से किये 10 वादों को पूरा करने के लिए प्रतिटिबद्ध है।’’

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा ने भी इस जीत में मदद की है। उन्होंने चुनाव में समर्थन के लिए कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह एक लंबी यात्रा है और ‘‘हम सभी एक साथ बैठेंगे तथा आगे के रास्ते पर चर्चा करेंगे।’’

पार्टी ने अपने आधिकारिक हैंडल पर एक ट्वीट में कहा, ‘‘यह जीत आप सभी की है। धन्यवाद हिमाचल प्रदेश।’’

कांग्रेस अब तीन राज्यों में अपने दम पर सत्ता में होगी और इतने ही राज्यों-झारखंड, बिहार तथा तमिलनाडु में यह गठबंधन के तहत सत्ता में है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत पर प्रदेश की जनता का आभारा जताते हुए कहा कि जनता से किया हर वादा जल्द से जल्द निभाया जाएगा।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘हिमाचल प्रदेश की जनता को इस निर्णायक जीत के लिए दिल से धन्यवाद। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को हार्दिक बधाई। आपका परिश्रम और समर्पण इस विजय की शुभकामनाओं का असली हकदार है। फिर से आश्वस्त करता हूं, जनता को किया हर वादा जल्द से जल्द निभाएंगे।’’

राहुल गांधी की गैरहाजिरी में हिमाचल प्रदेश में व्यापक रूप से चुनाव प्रचार करने वाली प्रियंका गांधी वाद्रा ने राज्य के लोगों को कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘यह जीत मुद्दों और प्रगति के लिए हिमाचल प्रदेश के लोगों के निश्चय की जीत है।’’

कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पार्टी को अपने विधायकों को खरीद-फरोख्त से बचाना होगा, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कुछ भी कर सकती है।

बघेल हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षक थे। कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई की प्रमुख प्रतिभा सिंह ने राज्य में पार्टी की जीत के लिए राज्य के लोगों को बधाई दी।

सिंह ने कहा, ’’हिमाचल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की प्रचंड जीत के लिए हिमाचल की समस्त जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह आप सभी की जीत है।’’ कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, ‘‘हिमाचल प्रदेश का परिणाम निश्चित ही कांग्रेस का मनोबल बढ़ाने वाला है। भाजपा अध्यक्ष के गृह राज्य में पीएम (प्रचार मंत्री ) का हाईवोल्टेज प्रचार अभियान बुरी तरह विफल रहा।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने उम्मीद जताई कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की जीत का असर अगले साल उन राज्यों में होगा, जहां चुनाव होना है।

उन्होंने कहा, "अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की जीत से खुश हूं। मैं अपने लोगों, मतदाताओं और हिमाचल के लोगों को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने कांग्रेस को निर्णायक जीत और स्थिर बहुमत दिलाने के लिए बुद्धिमत्ता और परिपक्वता का परिचय दिया है। इस जीत का असर अगले साल उन राज्यों में होगा, जहां चुनाव होना है।"