दिल्ली : तिलक नगर स्थित स्कूल के पास पॉलीथिन में बंधा मिला महिला का शव, CCTV से खुलेगा राज, एक व्यक्ति गिरफ्तार

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, दिल्ली

करीब 30 साल की महिला के पैर और हाथ किसी धातु की चेन से बंधे हुए थे।

photo
  1. तिलक नगर इलाके में स्थित दिल्ली एमसीडी के स्कूल के पीछे की दीवार के पास मिला महिला का शव
  2. सीसीटीवी में दिखी कार पर पुलिस को हुआ शक
  3. एक आरोपी गिरफ्तार

New Delhi: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में स्थित दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) द्वारा संचालित एक स्कूल के पास एक महिला का शव बरामद होने से हड़कंप मच गया है. हत्यारे ने महिला के हाथ-पैरों को जंजीर से बांधकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी।  शव को एक पालीथिन बैक में डाल फेंक दिया। शुक्रवार की सुबह तिलक नगर स्थित एमसीडी के स्कूल के पीछे की दीवार के पास महिला का शव मिला।

वहीं शव मिलने के एक दिन बाद पुलिस ने हत्या के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरप्रीत नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है तथा महिला की पहचान एवं अपराध से जुड़े विवरण का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है। 

पुलिस ने बताया कि करीब 30 साल की महिला के पैर और हाथ किसी धातु की चेन से बंधे हुए थे। पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज किया है।  महिला का शव शुक्रवार सुबह स्कूल के पास पाया गया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने यह पता लगाया कि शव को एक कार में वहां लाया गया था।

एक अन्य अधिकारी ने बताया, ‘‘वाहन की पंजीकरण संख्या का पता लगाया गया, जिसके बाद पुलिस के एक दल ने वाहन के मालिक का पता लगाया। मालिक का कहना है कि उसने दो महीने पहले कार बेच दी थी।’’ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।