राष्ट्रपति मूर्मू के सामने CM पटेल का अपमान: कांग्रेस विधायकों ने स्वागत करने से किया इनकार

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, गुजरात

कांग्रेस के इन दोनों नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में बीजेपी के खिलाफ विरोध दर्ज कराया. 

CM Patel (FILE PHOTO)

गांधीनगर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को गुजरात विधानसभा के डिजिटल हाउस का उद्घाटन किया. इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और उनके मंत्री का स्वागत करने से इनकार कर दिया और  सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

 डिजिटल हाउस का उद्घाटन करने के लिए  जब राष्ट्रपति मूर्मू  सुबह विधानसभा पहुंची तो सदन के मंच पर मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने स्वागत किया। इसके बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता अमित चावड़ा को मुख्यमंत्री का अभिनंदन करने के लिए मंच पर आने का अनुरोध किया गया। हालांकि, चावड़ा अपनी सीट से नहीं उठे और सिर हिलाकर मंच पर नहीं आने का इशारा किया। कांग्रेस के एक अन्य वरिष्ठ विधायक शैलेश परमार ने भी गुजरात के संसदीय और विधायी मामलों के मंत्री रुशिकेश पटेल का अभिनंदन करने से इनकार कर दिया। कांग्रेस के इन दोनों नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में बीजेपी के खिलाफ विरोध दर्ज कराया. 

बाद में पत्रकारों से बात करते हुए चावड़ा ने कहा कि उन्होंने गांधीनगर जिले में कलोल तालुका पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव से पहले पुलिस द्वारा तीन कांग्रेस सदस्यों के कथित ‘‘अपहरण’’ के विरोध में दोनों भाजपा नेताओं का अभिनंदन करने से इनकार कर दिया।