Haryana's Foundation Day : हरियाणा के स्थापना दिवस पर CM खट्टर ने दी शुभकामनाएं, कहा 'राज्य ने चौमुखी विकास किया'

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, हरियाणा

सीएम ने कहा कि हरियाणा को उसके समृद्ध इतिहास और जीवंत संस्कृति के लिए जाना जाता है।

photo

Haryana's Foundation Day :  हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बुधवार को राज्य के स्थापना दिवस के मौके पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और बीते वर्षों में हुए राज्य के चौमुखी विकास को रेखांकित किया। सीएम खट्टर ने एक वीडियो संदेश में कहा कि एक नवंबर 1966 को पंजाब से अलग कर हरियाणा की स्थापना की गई थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हरियाणा एक अलग राज्य बना तो उस वक्त संसाधनों की कमी थी और बहुत से लोगों के दिमाग में कई तरह के संशय थे। लेकिन हरियाणा के लोग अपनी कड़ी मेहनत से राज्य को प्रगति के पथ पर आगे लेते गए। उन्होंने हरियाणा की प्रगति में योगदान देने वाले राज्य के कर्मचारियों की भी सराहना की। सीएम ने कहा कि हरियाणा को उसके समृद्ध इतिहास और जीवंत संस्कृति के लिए जाना जाता है।

हरियाणा के 57 वर्ष के सफर के बारे में खट्टर ने कहा कि हरियाणा भले ही देश के भौगलिक क्षेत्र का मात्र 1.34 प्रतिशत और आबादी में 2.09 प्रतिशत हिस्सा रखता हो लेकिन देश के सकल घरेलू उत्पाद में उसका योगदान चार प्रतिशत है।

सीएम खट्टर ने कहा, ''हमारी प्रति व्यक्ति आय करीब तीन लाख रुपये है, जो 1966 में 343 रुपये थी। 1966 में राज्य का निर्यात साढ़े चार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 2.50 लाख करोड़ रुपये हो गया है।'' उन्होंने कहा कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) एकत्र करने के मामले में भी राज्य काफी आगे है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर की शीर्ष कंपनियों के कार्यालय राज्य में हैं तथा हरियाणा शिक्षा के एक केंद्र के रूप में उभरकर सामने आया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, पंजाब, लक्षद्वीप और पुडुचेरी के स्थापना दिवस पर वहां के निवासियों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, पंजाब, लक्ष्यद्वीप और पुडुचेरी के लोगों को उनके राज्य के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं।’’

उन्होंने यह भी लिखा, ‘‘मैं कामना करती हूं कि ये सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर रहें। मैं सभी निवासियों की खुशी और समृद्धि के लिए प्रार्थना करती हूं।’’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, केरल, हरियाणा और कर्नाटक के स्थापना दिवस पर इन राज्यों के लोगों को शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा ने हमेशा ही कृषि और रक्षा जैसे बड़े क्षेत्रों में देश को महत्वपूर्ण योगदान दिया है और यहां के युवा नवाचार में आगे बढ़ रहे हैं। हरियाणा के राज्यपाल बण्डारू दत्तात्रेय ने भी हरियाणा और अन्य राज्यों को उनके स्थापना दिवस के मौके पर वहां के निवासियों को शुभकामनाएं दीं।