फरीदाबाद : CCTV ने सुलझाया सरकारी अस्पताल से बच्चा चोरी का मामला, दिल्ली से धरा आरोपी

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, हरियाणा

पुलिस ने दो महिलाओं सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। 

photo

फरीदाबाद (हरियाणा): हरियाणा के फरीदाबाद स्थित एक सरकारी अस्पताल से गायब हुए नवजात बच्चे को पुलिस ने दिल्ली के सुल्तानपुरी से बरामद कर लिया है . इसके साथ ही पुलिस ने दो महिलाओं सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। 

सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) अमन यादव ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दिल्ली के रोहिणी निवासी दीपक तथा अनीता और किशन विहार निवासी पूजा के रूप में हुई है।

क्या है पूरा मामला

उन्होंने बताया कि शहर के एसजीएम नगर पुलिस थाने में 12 सितंबर को दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, फरीदाबाद निवासी  पीड़ित सुनील कुमार ने रविवार रात करीब 10 बजे अपनी पत्नी को बीके में भर्ती कराया था। सोमवार सुबह करीब तीन बजे उनकी पत्नी ने बेटे को जन्म दिया और उसके बाद उसे दूसरे कमरे में स्थानांतरित कर दिया गया। शिकायत के अनुसार, सुनील ने बताया कि सोमवार रात लगभग 11 बजे एक महिला उनके पास आई और उसने बताया कि अस्पताल की कर्मचारी है और इसके बाद महिला उनके आसपास ही पूरी रात रही। मंगलवार सुबह महिला ने उनकी मां को बहू के कपड़े बदलवाने भेज दिया और इस बीच वह बच्चा लेकर फरार हो गई।

सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस टीम आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिससे पता चला कि बच्चा लेकर महिला पीछे के रास्ते अस्पताल परिसर से बाहर निकली और ऑटो में बैठकर फरार हो गई।

उन्होंने बताया कि गुप्त सूत्रों की सूचना के आधार पर दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके से नवजात शिशु को बरामद कर लिया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।