Himachal Election Results 2022: भाजपा 20 और कांग्रेस 13 सीटों पर आगे

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, हिमाचल प्रदेश

हिमाचल की 68 सदस्यीय विधानसभा के लिए 12 नवंबर को हुए चुनावों की मतगणना आज सुबह आठ बजे शुरू हुई। राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा सत्ता बरकरार रखने.....

Himachal elections: BJP ahead on 20 seats and Congress on 13

शिमला :  हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों की मतगणना के शुरुआती रुझानों में राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 20, जबकि विपक्षी दल कांग्रेस 13 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, दो सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने बढ़त बना ली है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से यह जानकारी मिली है।

वेबसाइट के मुताबिक, आगे चल रहे उम्मीदवारों में सराज से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, दरंग से भाजपा के पूरन चंद, जुब्बल कोटखाई से पूर्व मंत्री नरेंद्र बरगता के पुत्र चेतन बरगता, मंडी सदर से पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम के बेटे अनिल शर्मा और किन्नौर से विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस प्रत्याशी जगत सिंह नेगी शामिल हैं।

हालांकि, टीवी चैनलों पर प्रसारित खबरों के मुताबिक, हिमाचल में कांग्रेस 37 सीटों पर और भाजपा 31 सीटों पर आगे चल रही है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने अपनी-अपनी पार्टी की दावा करते हुए कहा कि वह 68 में से 40 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी छाबड़ा स्थित अपने घर से रुझानों पर नजर रख रही हैं।

हिमाचल की 68 सदस्यीय विधानसभा के लिए 12 नवंबर को हुए चुनावों की मतगणना बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा सत्ता बरकरार रखने की उम्मीद कर रही है।

हिमाचल में 59 स्थानों पर वोटों की गिनती की जा रही है। इन चुनावों में 76.44 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। हिमाचल में कुल 412 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है, जिनमें 24 महिलाएं और 99 निर्दलीय शामिल हैं।

पहले 30 मिनट में डाक मतपत्रों की गिनती हुई, जिसके बाद साढ़े आठ बजे से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में दर्ज वोटों की गणना आरंभ की गई।