रोजगार नीति के खिलाफ में आठ अप्रैल को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करेगा JSSU

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, झारखंड

जेएसएसयू 60-40 के अनुपात पर आधारित रोजगार नीति और 1932-खतियान (भूमि बंदोबस्त) नीति को हटाने की मांग कर रहा है।

Chief Minister Hemant Soren

रांची : झारखंड में विभिन्न छात्र संगठनों के साझा समूह झारखंड राज्य छात्र संघ (जेएसएसयू) ने आठ अप्रैल को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने का फैसला किया है और सरकार की रोजगार नीति के विरोध में वह 10 अप्रैल को झारखंड बंद का आह्वान कर सकता है। जेएसएसयू 60-40 के अनुपात पर आधारित रोजगार नीति और 1932-खतियान (भूमि बंदोबस्त) नीति को हटाने की मांग कर रहा है। राज्य कैबिनेट ने तीन मार्च को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSU) परीक्षाओं से संबंधित विभिन्न नियमों में संशोधन को मंजूरी दी थी।

JSSU के देवेंद्र महतो ने कहा, ‘‘हमने रविवार शाम को हुई बैठक में सरकार की रोजगार नीति के खिलाफ युवाओं के आंदोलन को तेज करने का फैसला किया है। आठ अप्रैल को पूरे झारखंड के छात्र रांची के मोराबादी मैदान में इकट्ठा होंगे और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए जुलूस निकालेंगे। तीन अप्रैल को हम झारखंड के सरायकेला-खरसावा़ं जिले में एक ‘आक्रोश’ मार्च निकालेंगे।’’

JSSU के केंद्रीय समन्वयक इमाम साफ़ी ने शनिवार शाम संवाददाताओं को यह जानकारी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने छात्रों की मांग पर ध्यान नहीं दिया, तो वे 10 अप्रैल को झारखंड बंद का आह्वान कर सकते हैं। इससे पहले शनिवार को युवाओं ने संथाल परगना बंद का आह्वान किया था, जिसमें छह जिले दुमका, गोड्डा, देवघर, जामताड़ा, साहेबगंज और पाकुड़ शामिल हैं।