झारखंड : जमीनी विवाद के चलते बेटे की पिता की ‘हत्या’, क्षत-विक्षत मिला शव

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, झारखंड

नारायण यादव के तीन बेटे हैं, जिनमें बिंदेश्वर सबसे छोटा है।

photo

मेदिनीनगर (झारखंड) : झारखंड के पलामू जिले में एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने जमीन विवाद में अपने 70-वर्षीय पिता की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।  पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव राज्य की राजधानी रांची से करीब 200 किलोमीटर दूर छतरपुर-उदयगढ़ मार्ग के किनारे निर्माणाधीन एक मकान से सोमवार सुबह मिला। उसने बताया कि उक्त मकान का निर्माण मृतक अपने बड़े बेटे के लिए करा रहा था।

छतरपुर पुलिस थाने के प्रभारी शेखर कुमार ने बताया, ‘‘प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि नारायण यादव नामक व्यक्ति की हत्या उसके बेटे बिंदेश्वर यादव ने रविवार रात को भूमि विवाद की वजह से कर दी। घटना के बाद से आरोपी बेटा फरार है।’’ उन्होंने बताया कि नारायण यादव के तीन बेटे हैं, जिनमें बिंदेश्वर सबसे छोटा है।

कुमार ने बताया, ‘‘एक भूमि के टुकड़े और चार लेन की सड़क परियोजना की जद में आई जमीन के एवज में मिली मुआवजे की राशि को लेकर पिता और पुत्र के बीच विवाद था। तीन दिन पहले भी दोनों के बीच झड़प हुई थी।’’ पुलिस ने मृतक के दो बड़े बेटों उदेश्वर यादव और राजेश्वर यादव की शिकायत पर बिंदेश्वर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।