झारखंड : पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी दो नक्सली गिरफ्तार

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, झारखंड

गोलीबारी की इस घटना में राज्य पुलिस के झारखंड जगुआर बल के उप-निरीक्षक अमित तिवारी और सिपाही गौतम कुमार शहीद हो गए थे।

file photo

चाईबासा (झारखंड): झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में दो पुलिसकर्मियों की हत्या करने के आरोपी दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी नक्सली प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के सदस्य हैं और हाल में पुलिस के साथ हुई गोलीबारी की एक घटना में कथित तौर पर शामिल थे। पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के मुताबिक एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की एक टीम ने शुक्रवार शाम को टोंटो पुलिस थाना सीमा के तहत उनके गांव तुम्बाहाका से रमजा हेम्ब्रम (30) और पांडु पूर्ति (23) को पकड़ लिया।

पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों माओवादियों ने स्वीकार किया कि वे इस महीने स्वतंत्रता दिवस समारोह की पूर्व संध्या पर हुई गोलीबारी की घटना में शामिल थे। गोलीबारी की इस घटना में राज्य पुलिस के झारखंड जगुआर बल के उप-निरीक्षक अमित तिवारी और सिपाही गौतम कुमार शहीद हो गए थे।