ठाणे : मां नहीं बन पाने पर व्यक्ति ने बेरहमी से की पत्नी की हत्या

Rozanaspokesman

राज्य

महिला गर्भधारण नहीं कर पा रही थी और इसी बात को लेकर दंपति के बीच अक्सर झगड़े होते थे।

Man brutally kills wife for not being able to become a mother

ठाणे (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक व्यक्ति ने कथित रूप से घरेलू विवाद के बाद अपनी 35 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उल्हासनगर नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने कहा कि घटना रविवार शाम को अंबरनाथ इलाके में आयुध फैक्टरी कॉलोनी स्थित दंपति के आवास में हुई। घटना के बाद 37 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति आयुध फैक्टरी में काम करता था।

अधिकारी ने कहा कि महिला गर्भधारण नहीं कर पा रही थी और इसी बात को लेकर दंपति के बीच अक्सर झगड़े होते थे। उन्होंने कहा कि रविवार को उनके बीच फिर से झगड़े हुए जिसके बाद आरोपी ने धारदार हथियार से कथित रूप से अपनी पत्नी पर हमला किया। हमले के बाद महिला जमीन पर गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस निरीक्षक जे. बी. सोनावने ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि फैक्टरी के कर्मचारी संघ के एक प्रतिनिधि ने पुलिस को इस बारे में सूचित किया जो घटनास्थल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति को रविवार रात गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।