खबरे |

खबरे |

सूडान में भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न देशों के साथ समन्वय कर रहा भारत
Published : Apr 19, 2023, 6:56 pm IST
Updated : Apr 19, 2023, 6:56 pm IST
SHARE ARTICLE
India coordinating with various countries to ensure safety of Indians in Sudan (फोटो साभार-PTI)
India coordinating with various countries to ensure safety of Indians in Sudan (फोटो साभार-PTI)

सूडान में पिछले छह दिन से देश की सेना और एक अर्धसैनिक समूह के बीच घातक संघर्ष जारी है।

 New Delhi: भारत हिंसा प्रभावित सूडान में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अमेरिका, ब्रिटेन, सऊदी अरब सहित विभिन्न देशों के साथ करीबी समन्वय कर रहा है। सरकारी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि उस देश में जमीनी हालात गंभीर हैं और इस समय लोगों की आवाजाही जोखिम भरी होगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने हिंसाग्रस्त सूडान की स्थिति पर सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के विदेश मंत्रियों के साथ चर्चा की और भारतीयों की सुरक्षा के लिए व्यावहारिक सहयोग देने का भरोसा दिया।.

ज्ञात हो कि सूडानी सेना और एक प्रतिद्वंद्वी अर्धसैनिक बल के बीच पिछले सप्ताहांत में शुरू हुए संघर्ष के बाद से वहां अभी तक कम से कम 270 लोगों की जान जा चुकी है।

भारत, सूडान में हिंसा की स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है, खास तौर पर ऐसी स्थिति में जब वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर चिंता है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि भारत की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि आवाजाही सुरक्षित हो और लोग जहां कहीं भी हों, सुरक्षित हों तथा विदेश मंत्रालय और खार्तूम स्थित भारतीय दूतावास सतत रूप से स्थिति पर नजर रखे हुए है।.

एक सूत्र ने कहा, ‘‘सुरक्षा कारणों के चलते हम विशिष्ट विवरण नहीं दे सकते।’’

उन्होंने कहा कि अमेरिका, ब्रिटेन, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की सूडान में अहम भूमिका है और भारत उसी के अनुसार उनसे बातचीत कर रहा है।

सूत्रों ने बताया कि भारत संयुक्त राष्ट्र के साथ भी काम कर रहा है, जिसकी सूडान में उल्लेखनीय उपस्थिति है। उन्होंने बताया कि वाशिंगटन में भारतीय राजदूत और लंदन स्थित भारतीय उच्चायुक्त सूडान की स्थिति को लेकर संबंधित मेजबान सरकारों के साथ सम्पर्क में हैं। वहीं, नयी दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने सूडान की वर्तमान स्थिति को ध्यान में रखते हुए सूचना एवं सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।

सूत्रों ने बताया कि सूडान में भारतीय दूतावास व्हाट्सएप ग्रुप सहित कई माध्यमों से समुदायों एवं लोगों के सम्पर्क में हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान के साथ टेलीफोन पर बातचीत की और कहा कि उन्होंने यूएई के अपने समकक्ष के साथ सूडान की स्थिति को लेकर चर्चा की।

जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘ यूएई के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायेद अल नाहयान को सूडान की स्थिति पर विचारों का आदान प्रदान करने के लिए धन्यवाद। हमारा लगातार समन्वय मददगार है।’’

विदेश मंत्री जयशंकर ने सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान से भी बातचीत की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फहरान से अभी-अभी बात की। हम करीबी सम्पर्क कायम रखेंगे।’’

गौरतलब है कि सूडान में पिछले छह दिन से देश की सेना और एक अर्धसैनिक समूह के बीच घातक संघर्ष जारी है।

सूडान की राजधानी खार्तूम में जारी व्यापक हिंसा के बीच वहां भारतीय दूतावास ने सोमवार को जारी परामर्श में भारतीयों से घरों से बाहर नहीं निकलने व शांत रहने को कहा था। वहीं रविवार को दूतावास ने कहा था कि खार्तूम में गोली लगने से घायल हुए भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। खार्तूम में हिंसा शुरू होने के बाद जारी अपने दूसरे परामर्श में भारतीय मिशन ने कहा था, ‘‘ ताजा जानकारी के आधार पर दूसरे दिन भी संघर्ष कम नहीं हुआ है। हम भारतीयों से आग्रह करते हैं कि वे जहां हैं, वहीं पर रहें और बाहर न निकलें।’’

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सूडान में करीब 4000 भारतीय रहते हैं। सूडान की सेना ने अक्टूबर 2021 में तख्तापलट कर सत्ता पर कब्जा कर लिया था और तब से वह एक संप्रभु परिषद के माध्यम से देश चला रही है। सूडान पर नियंत्रण को लेकर देश की सेना तथा शक्तिशाली अर्द्धसैनिक बल के बीच संघर्ष जारी है।

Location: India, Delhi, New Delhi

SHARE ARTICLE

ROZANASPOKESMAN

Advertisement

 

हम डांसर है कॉल गर्ल नहीं हमारी भी इज्जत है

02 Apr 2024 5:04 PM

#Vicky की मां का #Attitude लोगों को नहीं आया पसंद! बोले- हमारी अंकिता तुम्हारे बेटे से कम नहीं

17 Jan 2024 11:07 AM

चंद्रयान-3 के बाद ISRO ने का एक और कमाल, अब इस मिशन में हासिल की सफलता

11 Aug 2023 7:01 PM

अरे नीचे बैठो...प्रधानमंत्री पर उंगली उठाई तो औकात दिखा दूंगा', उद्धव गुट पर भड़के केंद्रीय मंत्री

11 Aug 2023 6:59 PM

शिमला में नहीं थम रहा बारिश का कहर, देखिए कैसे आंखों के सामने ढह गया आशियाना

11 Aug 2023 6:57 PM