खबरे |

खबरे |

IND vs PAK Asia Cup 2023 : भारत की पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत, सुपर-4 में 228 रन से हराया
Published : Sep 12, 2023, 10:33 am IST
Updated : Sep 12, 2023, 10:34 am IST
SHARE ARTICLE
photo
photo

पाकिस्तान के खिलाफ रनों के लिहाज से यह भारत की सबसे बड़ी जीत है।

 भारत ने एशिया कप के सुपर-4 में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की है.  विराट कोहली और केएल राहुल के शानदार शतक के  बदौलत टीम ने पाकिस्तान को 228 रनों से हराया. भारतीय टीम के खिलाफ वनडे में पाकिस्तान की रनों के लिहाज से यह सबसे बड़ी हार है.

कोलंबो: विराट कोहली और लोकेश राहुल के नाबाद शतक और दोनों के बीच अटूट दोहरी शतकीय साझेदारी के बाद कुलदीप यादव की फिरकी के जादू से भारत ने वर्षा से प्रभावित एशिया कप के सुपर चार मुकाबले में सोमवार को यहां पाकिस्तान को 228 रन से हरा दिया।पाकिस्तान के खिलाफ रनों के लिहाज से यह भारत की सबसे बड़ी जीत है।

भारत के 357 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप (25 रन पर पांच विकेट) की बलखाती गेंदों के सामने 32 ओवर में 128 रन पर ढेर हो गई।

पढ़ें कैसा रहा मैच का हाल

भारत के लिए कोहली ने अपने 47वें शतक के दौरान 94 गेंद में नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 122 रन बनाए। उन्होंने चार महीने से अधिक समय बाद पहला प्रतिस्पर्धी मुकाबला खेल रहे राहुल (नाबाद 111 रन, 106 गेंद, 12 चौके, दो छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए 233 रन की अटूट साझेदारी भी की जिससे भारत ने दो विकेट पर 356 रन बनाकर पाकिस्तान के खिलाफ अपने सर्वोच्च स्कोर की बराबरी की। कोहली और राहुल की बदौलत भारत अंतिम 10 ओवर में 105 रन जोड़ने में सफल रहा।

कोहली का यहां के आर प्रेमदासा स्टेडियम में यह लगातार चौथा शतक है। रविवार को लगातार बारिश के कारण यह मुकाबला बीच में रोकना पड़ा था और सोमवार को रिजर्व दिन मुकाबला आगे खेला गया। लक्ष्य का पीछा करने उतरे पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। टीम ने पांचवें ओवर में ही इमाम उल हक का विकेट गंवा दिया जिन्होंने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर शुभमन गिल को कैच थमाया।

कप्तान बाबर आजम भी 24 गेंद में 10 रन की धीमी पारी खेलने के बाद 11वें ओवर में हार्दिक पंड्या की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद बारिश के कारण एक घंटे से अधिक समय तक खेल रुका रहा। खेल दोबारा शुरू होने पर शारदुल ठाकुर ने चौथी ही गेंद पर मोहम्मद रिजवान (02) को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराके पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 47 रन किया।.

सलामी बल्लेबाज फखर जमां और आगा सलमान ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया। फखर 21 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप की गेंद पर स्लिप में रोहित ने उनका कैच टपका दिया।

फखर हालांकि इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए और 27 रन बनाने के बाद कुलदीप के अगले ओवर में बोल्ड हो गए।

कुलदीप ने सलमान (23) को पगबाधा करके पाकिस्तान का स्कोर पांच विकेट पर 96 रन किया।

पाकिस्तान के रनों का शतक 25वें ओवर में पूरा हुआ।

कुलदीप ने शादाब खान (06) और इफ्तिखार (23) को लगातार ओवरों में आउट किया।

कुलदीप के अगले ओवर में शाहीन शाह अफरीदी (नाबाद 07) ने पारी का पहला छक्का जड़ा लेकिन इस स्पिनर ने तीन गेंद बाद फहीम अशरफ (04) को बोल्ड करके भारत की जीत सुनिश्चित की। हारिस राउफ और नसीम शाह चोटिल होने के कारण बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे।

इससे पहले भारत ने कल 24.1 ओवर में दो विकेट पर 147 रन बना बनाए थे। सलामी बल्लेबाजों कप्तान रोहित शर्मा (56) और शुभमन गिल (58) ने अर्धशतक जड़ने के अलावा पहले विकेट के लिए 121 रन जोड़कर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई।.

भारत ने हालांकि लगातार ओवरों में दोनों के विकेट गंवा दिए थे। रोहित ने 17वें ओवर में स्पिनर शादाब खान की गेंद पर फहीम अशरफ को कैच थमाया जबकि शाहीन शाह अफरीदी की गेंद पर गिल कवर में आगा सलमान को कैच दे बैठे।.

सोमवार को भी मुकाबला बारिश के कारण एक घंटा 40 मिनट देर से शुरू हुआ। मैच बहाल होने पर राहुल 17 जबकि कोहली आठ रन से आगे खेलने उतरे।

राहुल शुरुआत से ही अच्छी लय में दिखे। कोहली ने नसीम शाह पर दिन का पहला चौका जड़ा। राहुल ने इफ्तिखार अहमद की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारने के बाद इस स्पिनर के अगले ओवर में ही दो चौके मारे।

राहुल ने फहीम अशरफ की गेंद पर एक रन के साथ 60 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।.

भारत के रनों का दोहरा शतक 33वें ओवर में पूरा हुआ।

कोहली ने स्ट्राइक रोटेट करने को तरजीह दी और बीच में खराब गेंदों को सबक भी सिखाया। उन्होंने धीमी शुरुआत के बाद लय पकड़ी और शादाब की गेंद पर एक रन के साथ 55 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

कोहली ने 43वें ओवर में इफ्तिखार पर अपना पहला छक्का मारा और फिर इसी ओवर में चौका भी जड़ा। राहुल ने 45वें ओवर में फहीम पर दो चौकों और एक रन के साथ भारत का स्कोर 300 रन तक पहुंचाया।

आईपीएल के दौरान जांघ की चोट और फिर ऑपरेशन के बाद अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल रहे राहुल ने नसीम की गेंद पर दो रन के साथ 100 गेंद में शतक पूरा किया।.

कोहली 98 रन पूरे करते ही एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 13 हजार रन पूरे करने वाले भारत के दूसरे और दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बने। उनसे पहले भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (18426), श्रीलंका के कुमार संगकारा (14234), ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (13704) और श्रीलंका के सनथ जयसूर्या (13430) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।.

कोहली ने भी शाहीन की गेंद पर एक रन के साथ 84 गेंद में अपना 47वां शतक पूरा किया। उन्होंने फहीम के पारी के अंतिम ओवर में लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का जड़ा।.

बारिश के कारण रद्द हुए ग्रुप मैच में भारत के खिलाफ सभी 10 विकेट चटकाने वाले शाहीन (79 रन पर एक विकेट), नसीम शाह (बिना विकेट के 53 रन) और हारिस राउफ (बिना विकेट के 27 रन) की तेज गेंदबाजी तिकड़ी को इस मैच में सिर्फ एक विकेट मिला। राउफ मांसपेशियों में खिंचाव के कारण आज गेंदबाजी करने नहीं उतरे।

SHARE ARTICLE

ROZANASPOKESMAN

Advertisement

 

ਕੀ ਹੈ HPV ਵਾਇਰਸ ਅਤੇ ਕਿਹੜੇ ਲੋਕਾਂ ਨੂੰ ਇਸ ਦਾ ਜ਼ਿਆਦਾ ਖ਼ਤਰਾ ਰਹਿੰਦਾ ਹੈ?

31 Aug 2024 4:48 PM

\'ਦਸਤਾਰ ਤੋਂ ਬਿਨਾਂ ਮੈਂ ਅਧੂਰਾ ਹਾਂ\', ਦੇਖੋ Yograj ਨੇ ਜ਼ਿੰਦਗੀ \'ਚ ਕਿਹੜਾ ਕੀਤਾ ਸੀ ਸਭ ਤੋਂ ਵੱਡਾ ਗੁਨਾਹ

31 Aug 2024 4:46 PM

\'ਦਸਤਾਰ ਤੋਂ ਬਿਨਾਂ ਮੈਂ ਅਧੂਰਾ ਹਾਂ\', ਦੇਖੋ Yograj ਨੇ ਜ਼ਿੰਦਗੀ \'ਚ ਕਿਹੜਾ ਕੀਤਾ ਸੀ ਸਭ ਤੋਂ ਵੱਡਾ ਗੁਨਾਹ

31 Aug 2024 4:44 PM

ਦੇਖੋ Dhanveer ਅੱਜ ਵੀ ਜਦੋ Lucky ਅਤੇ Navdeep ਨੂੰ ਦੇਖਦੇ ਨੇ ਤਾਂ ਕਿਹੜੀ ਪੁਰਾਣੀ Memory ਅਉਂਦੀ ਹੈ ਯਾਦ

31 Aug 2024 4:41 PM

ਬੱਚੇ ਹੁੰਦੇ ਨੇ ਰੱਬ ਦਾ ਰੂਪ, Ajay Singh ਦੀ Interview ਦੇਖ ਤੁਸੀਂ ਵੀ ਕਰੋਗੇ ਮਹਿਸੂਸ, ਸੁਣੋ Dev Kharoud ਨਾਲ

30 Aug 2024 7:23 PM

MOOSEWALA\'S NEW SONG \'ATTACH\' RELEASED - Steel Banglez ft Fredo | ਟੁੱਟਣ ਵਾਲੇ ਨੇ RECORD

30 Aug 2024 6:56 PM